जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर से 2 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना विजयनगर थाना क्षेत्र की है। जहां आरोपी ने आधी रात को बच्ची को किडनैप कर घटना को अंजाम दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने बच्ची को मारने की भी कोशिश की। लेकिन समय रहते परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को बचा लिया।
दूसरी निर्माणाधीन इमारत में बच्ची अवस्था मिली
बताया जा रहा है कि मजदूरी करने वाला परिवार निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच स्वजनों की नींद खुली तो बच्ची गायब मिली। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बच्ची दूसरी निर्माणाधीन इमारत के पास घायल अवस्था में मिली। स्वजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद घटना का खुलासा हुआ।
घटना 9-10 अक्टूबर रात की
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट, दुष्कर्म और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मामले में बारीकी से जांच के बाद पुलिस आखिरकार आरोपी तक पहुंच गई। इस दौरान जब पुलिस ने आरोपी आशीष पटेल से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है। घटना 9-10 अक्टूबर की दरमियानी रात की है।
आरोपी पर पहले से 11 मामले दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, घर में घुसकर वारदात और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।