शाजापुर : शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर भोपाल-मक्सी रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के पास गोवा एक्सप्रेस ने रेलवे की निरीक्षण ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में एक गैंगमैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य रेलकर्मी घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए उज्जैन भेजा गया है।
निरीक्षण ट्रॉली पर पांच कर्मचारी सवार थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे की निरीक्षण ट्रॉली पर पांच कर्मचारी सवार थे। निरीक्षण अधिकारी मनोज वर्मा ट्रॉली पर बैठे थे, जबकि गैंगमैन पीछे से ट्रॉली को धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान गोवा एक्सप्रेस ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच शुरु की।
मेंटेनेंस का चल रहा था काम
बताया जा रहा है कि बेरछा रेलवे स्टेशन से करीब 14 किमी दूर पीर उमरोद और मक्सी में ट्रैक मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसमें पांच रेलकर्मी जुटे थे। तभी गोवा एक्सप्रेस डायवर्टेड रूट पर आ गई और हादसा हो गया।
हादसे में भगवान सिंह बिलमा की मौके पर मौत
हादसे में जान गंवाने वाले गैंगमैन की पहचान भगवान सिंह पिता लालजी राम, निवासी बर्डियासोन के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिलीप पिता बाबूलाल जायसवाल, निवासी बर्डियासोन को उपचार के लिए उज्जैन रेफर किया गया है। अन्य घायलों में निरीक्षण अधिकारी मनोज वर्मा निवासी उज्जैन, गैंगमैन विक्रम पिता मदनलाल निवासी बर्डियासोन और सद्दाम पिता जहुर खां निवासी बेरछा शामिल हैं। वही रेलवे प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।