Ujjain Honey Trap : बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रसिद्ध चारधाम मंदिर के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाकर ब्लैकमेल करने की साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व महामंडलेश्वर साध्वी मंदाकिनी पुरी और घनश्याम पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामला महाकाल थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
बनारस की महिला को बुलाया उज्जैन
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार रंगपंचमी के दिन सूचना मिली थी कि दत्त अखाड़ा परिसर में कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक महिला को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पूछताछ और वीडियो फुटेज की जांच में सामने आया कि बनारस की रहने वाली एक महिला को उज्जैन बुलाकर महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज के खिलाफ झूठा रेप केस दर्ज कराने की साजिश रची जा रही थी।
महिला पर बनाया दबाव
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात पहले उज्जैन में साध्वी मंदाकिनी पुरी और घनश्याम पटेल से हुई थी। बाद में 27 फरवरी को घनश्याम पटेल बनारस आया और उसे 50 हजार रुपए का लालच देकर उज्जैन आकर झूठा मामला दर्ज कराने को कहा। महिला ने मना किया तो उसे धमकी दी गई कि उसके अश्लील फोटो सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। डर के कारण महिला ने उनसे संपर्क बनाए रखा। आरोप है कि आरोपी ने महिला के बेटे के मोबाइल पर 2000 रुपए भेजे और बनारस से उज्जैन आने के लिए ट्रैवल्स से टिकट भी कराया।
तीन लोगों पर मामला दर्ज
8 मार्च को रंगपंचमी के दिन महिला को दत्त अखाड़ा परिसर बुलाया गया, जहां घनश्याम पटेल उसके बयान रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान आनंदपुरी महाराज सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद साध्वी मंदाकिनी पुरी और घनश्याम पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
की जा रही नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी घनश्याम पटेल ने भी महिला के कुछ वीडियो वायरल कर अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।