मुकेश प्रजापति, भैरूंदा : इटारसी में अभिनेता और कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा द्वारा नर्मदा परिक्रमा पूर्ण होने के बाद एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
आस्था और सेवा का संगम
मां नर्मदा और मां विजयासन मंदिर के परम भक्त विक्रम मस्ताल शर्मा ने अपनी पदयात्रा पूरी होने के बाद अपने निवास पर यह धार्मिक आयोजन किया। भंडारे में शामिल हुए लोगों ने प्रसादी ग्रहण की और आयोजन की सराहना की।
कांग्रेस-भाजपा नेताओं की रही उपस्थिति
इस मौके पर जीतू पटवारी, सत्यनारायण पटेल, नकुल नाथ, सचिन यादव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता पहुंचे। वहीं भाजपा के कई नेताओं की भी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन में राजनीतिक एकजुटता की झलक देखने को मिली। नेताओं ने विक्रम मस्ताल शर्मा का स्वागत फूलमालाओं से किया और उनकी सफल नर्मदा यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
मां विजयासन दरबार में पूजा-अर्चना
भंडारे के बाद सभी नेता मां विजयासन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान जीतू पटवारी अपनी धर्मपत्नी के साथ मौजूद रहे।
क्या बोले नाथ?
नकुल नाथ ने कहा कि मां नर्मदा की परिक्रमा करना सौभाग्य की बात होती है और विक्रम मस्ताल शर्मा को यह अवसर मिला, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने भंडारे में शामिल होकर आम लोगों से मुलाकात भी की।
बड़ी संख्या में जनसहभागिता
इस आयोजन में विधायक सुखदेव पांसे, हर्ष यादव, आरके दोगने, दिनेश गुर्जर, राजकुमार पटेल, रीना बोरासी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।