रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को तपन से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में गिरावट और बादलों की स्थिति बनी हुई है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने मौसम को सुहावना बनाए रखा। बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में भी हल्की बारिश दर्ज हुई।
रायपुर मौसम: बादलों ने घटाई गर्मी
शनिवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 31.8°C रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 19.9°C दर्ज किया गया। सुबह के समय आर्द्रता स्तर 71% तक पहुंच गया और पूरे दिन आंशिक बादल छाए रहे। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सीधे उत्तर भारत से होते हुए छत्तीसगढ़ तक दिखाई दे रहा है, जिसकी वजह से यह बदलाव सामने आया है।
अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं हैं। इसके बाद 4–5 दिनों में 3–5°C तक बढ़ोतरी होगी, मौसम फिलहाल सुहावना, लेकिन गर्मी धीरे-धीरे तेज होगी। 22 मार्च का रायपुर मौसम अनुमान आंशिक बादल रहने की संभावना है, और अधिकतम तापमान: करीब 33°C वहीं न्यूनतम तापमान: लगभग 19°C रहने के आसार हैं, लेकिन सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक का एहसास रहेगा। बारिश और बादल छाए रहने से अभी राहत जरूर है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी की वापसी तय है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तापमान में लगातार बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।