इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) बुधवार को इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में भव्य एकत्रीकरण आयोजित करने जा रहा है। शाम 4:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में करीब एक लाख स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। संघ प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी को लेकर भी चर्चाएं हैं। आयोजन में राष्ट्रीय पदाधिकारियों सहित देशभर के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं।
‘चरैवेति एकत्रीकरण’ थीम पर होगा आयोजन
‘चरैवेति एकत्रीकरण’ की थीम पर होने वाले इस कार्यक्रम के साथ संघ के शताब्दी वर्ष का समापन होगा। बैठक में नशे के बढ़ते प्रभाव और बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप जैसे मुद्दों पर चर्चा संभव है। वहीं, 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक होगी। मालवा प्रांत के पुनर्गठन और इंदौर-उज्जैन संभाग बनाने के प्रस्ताव पर भी विचार हो सकता है।