भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में डिजिटल कामकाज को बढ़ावा देने के लिए कल नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन ( 'नेवा' ) की शुरुआत की जाएगी। जिसका उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे। इस दौरान 28 से 30 अक्टूबर तक विधायकों, उनके निजी सहायकों (PA) और सरकारी विभागों के नोडल अधिकारियों को नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (NEVA) की ट्रेनिंग दी जाएगी।
मध्यप्रदेश विधानसभा होगी पेपरलेस
इस पहल का उद्देश्य विधानसभा की कार्यवाही को डिजिटल और पेपरलेस बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम विधानसभा परिसर में आयोजित होगा, जिसमें मंत्रियों को छोड़कर अन्य विधायक हिस्सा लेंगे। विधायकों को 50-50 के समूहों में बांटकर ट्रेनिंग दी जाएगी।
विधायकों को 3 दिन 'नेवा' की ट्रेनिंग
विधायकों के साथ उनके निजी सहायकों (PA) और विधानसभा के कामकाज से जुड़े कर्मचारियों को भी एप्लीकेशन के इस्तेमाल की जानकारी 3 दिनों तक दी जाएगी। विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने सभी विधायकों को कार्यक्रम के लिए आमंत्रण भेजा है।
विधानसभा में अब सवाल-जवाब ऑनलाइन
NeVA लागू होने से सदन की कार्यवाही, दस्तावेजों और विधायी कामकाज को डिजिटल माध्यम से संचालित करने में मदद मिलेगी। इससे कागज के इस्तेमाल में कमी आने की उम्मीद है।