अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। अंबिकापुर के सीतापुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।
शादी समारोह से लौटते समय हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां अपने घर के पास स्थित एक बस्ती में शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। देर रात जब वे वापस लौट रही थीं, तभी रास्ते में 8 से 9 युवकों ने उन्हें रोककर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
मांझी समुदाय से हैं पीड़िताएं
बताया जा रहा है कि दोनों पीड़िताएं विशेष पिछड़ी जनजाति मांझी समुदाय से संबंध रखती हैं। घटना 24 अप्रैल की देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कई युवक इसमें शामिल थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में पुलिस ने 3 नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
धमतरी में भी शर्मनाक घटना
इसी तरह की एक और दर्दनाक घटना धमतरी जिले से सामने आई थी, जहां 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया गया।
घर में अकेली थी बुजुर्ग महिला
यह घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम चर्रा की है। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला अपने छोटे नातियों के साथ घर में मौजूद थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी दौरान एक युवक घर में घुसा और वारदात को अंजाम दिया।
हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। दोनों घटनाएं प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। पुलिस ने मामलों की जांच तेज कर दी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।