होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Dabra Police: डबरा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, लेडी बावरिया गैंग का पर्दाफाश

Dabra Police: डबरा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, लेडी बावरिया गैंग का पर्दाफाश

राजेश सोनी, डबरा: डबरा सिटी पुलिस ने शहर के ई-रिक्शा में महिलाओं के साथ होने वाली चोरी की वारदातों को सुलझाते हुए एक बड़े गिरोह को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मुरैना जिले के बामौर में दबिश देकर इस गैंग के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 8 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह गिरोह कुख्यात बावरिया गैंग से ताल्लुक रखता है, जो अपने शातिर और हिंसक वारदातों के लिए उत्तर भारत में कुख्यात है।

एक वारदात, खुला राज

इस गिरोह का भंडाफोड़ तब हुआ जब 24 अप्रैल को राधा कोरी नामक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि ई-रिक्शा में बैठी दो महिलाओं ने उन्हें बातों में उलझाकर बैग से चांदी की करधोनी और नकदी चोरी कर ली है। डबरा थाना प्रभारी संजय शर्मा की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिछोर तिराहा के पास से दो संदिग्ध महिलाओं, पूनम और शांति आदिवासी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ के बाद उन्होंने गिरोह के अन्य सदस्यों और मुरैना के बामौर स्थित ठिकाने का राज उगल दिया।

गैंग का ऑपरेशनल मॉडल और ठिकाना

गिरोह का नेतृत्व वकील उर्फ सोनू आदिवासी और शांति देवी (आगरा निवासी) कर रहे थे। वकील ने बामौर में इस गैंग के लिए बाकायदा घर बना रखे थे। यह गैंग टुकड़ों में बंटकर वारदातों को अंजाम देता है। महिलाएं ई-रिक्शा में सवार होकर शिकार को बातों में उलझाती हैं और गहने पार कर देती हैं, जबकि पुरुष साथी वारदात के बाद उन्हें मौके से निकालने में मदद करते हैं। पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर और टावर लोकेशन निकाली, तो वारदातों वाले स्थानों पर उनकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में सक्रियता

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह केवल ग्वालियर तक सीमित नहीं था। इनके तार एमपी के गुना, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड और पड़ोसी राज्य राजस्थान से भी जुड़े हुए हैं। अकेले ग्वालियर में पिछले दो महीनों में ई-रिक्शा में चोरी की 29 वारदातें दर्ज की गई हैं, जिनमें इसी गैंग का हाथ होने का संदेह है।

पुलिस की बड़ी कामयाबी

पुलिस कप्तान धर्मवीर सिंह यादव के निर्देश पर एडिशनल एसपी (देहात) जयराज कुबेर और एसडीओपी सौरभ कुमार के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि इस गैंग की गिरफ्तारी से चंबल रीजन और ग्वालियर में ई-रिक्शा में होने वाली चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।


संबंधित समाचार