कटनी : मध्य प्रदेश के कटनी से सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है। जहां बीती रात हुए एक्सीडेंट में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। यह हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिया के पास हुआ। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिया के पास हुआ
बताया जा रहा है कि एक बाइक में सवार होकर चार लोग कटनी से उमरिया की ओर नेशनल हाईवे-78 से जा रहे थे। इसी दौरान बड़वारा की रेलवे पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवकों की मौके पर मौत हो गई।
पुलिस ने मृतकों की पहचान
इधर, हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही केस दर्ज कर मामले में आगे की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में की है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कार चालक अंबिकापुर से राजगढ़ की ओर जा रहे थे। तभी बाइक में सवार होकर 4 युवक कटनी से उमरिया जा रहे है। इस दौरान गाड़ियों में आमने सामने टक्कर हो गई और हादसे में 4 की जान चली गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका इलाज बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।