भोपाल। मध्यप्रदेश में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ाने की दिशा में एक और कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश में फिर से शारजाह के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जिससे न सिर्फ हवाई सेवाओं का विस्तार होगा। बल्कि प्रदेश में निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। फिलहाल अबुधाबी से इंदौर के लिए सीधी फ्लाइट उपलब्ध है।
इस वजह से बंद की उड़ान
दरअसल, अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव और युद्ध की स्थिति के चलते एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 फरवरी से इंदौर-शारजाह उड़ान बंद कर दी थी। इसके बाद कई बार इसे दोबारा शुरू करने की घोषणा की गई, लेकिन हर बार तारीख आगे बढ़ा दी गई। लेकिन अब इसे दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
अक्टूबर से शारजाह कनेक्टिविटी बहाल होने की उम्मीद
सीएम मोहन के अनुसार, अक्टूबर से शारजाह कनेक्टिविटी बहाल होने की उम्मीद है। हालांकि उड़ान का आधिकारिक समय और किराया अभी सामने नहीं आया है। इस नई उड़ान के शुरू होने से मध्य प्रदेश की ग्लोबल कनेक्टिविटी (अंतरराष्ट्रीय संपर्क) को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
मध्यप्रदेश से ₹76 हजार करोड़ से ज्यादा का विदेशी निर्यात हुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की एविएशन पॉलिसी देश में राज्य स्तर पर बेहतर नीतियों में शामिल है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रदेश में ₹15 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारा गया। इसके अलावा मध्यप्रदेश से ₹76 हजार करोड़ से ज्यादा का विदेशी निर्यात भी हुआ।
निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने पर काम जारी
निवेश प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए जमीन आवंटन की समयसीमा भी घटाई गई है। पहले इसमें करीब 60 दिन लगते थे, जिसे अब 29 दिन से कम किया गया है।