भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन से शुरू होगी। यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं ने जहां तैयारी तेज कर दी है। तो वही 950 KM लंबी इस यात्रा में दिग्विजय उज्जैन से अयोध्या तक पैदल सफर करेंगे।
शिवलिंग का निर्माण और पूजन किया जाएगा
मिली जानकारी के अनुसार, भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के बाद यात्रा ओरछा स्थित रामराजा सरकार मंदिर से होते हुए अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंचेगी। यात्रा से पहले सुबह 8 बजे नृसिंह घाट के पास बालाजी गार्डन में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और पूजन किया जाएगा।
पांच पवित्र नदियों के जल से भरे कलश रखे जाएंगे
इसके बाद कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन होगा। यात्रा के लिए एक विशेष रथ भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें पांच पवित्र नदियों के जल से भरे कलश रखे जाएंगे।
एक विशेष रथ भी तैयार किया जा रहा
आयोजकों के मुताबिक, पदयात्रा के जरिए सत्य, धर्म, न्याय, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा। साथ ही चंदा चोरी और वोट चोरी जैसे मुद्दों पर जवाबदेही की मांग भी उठाई जाएगी।
प्रतिदिन करीब 15 किलोमीटर पैदल चलने की योजना
यात्रा उज्जैन जिले में पांच दिन रहेगी। प्रतिदिन करीब 15 किलोमीटर पैदल चलने की योजना है और 70 दिनों में अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान किसी भी राजनीतिक दल के झंडे या बैनर का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।