होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

धमतरी की छात्राओं के लिए बड़ी खबर, अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति में मिलेंगे ₹30 हजार; 31 अगस्त तक आवेदन

धमतरी की छात्राओं के लिए बड़ी खबर, अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति में मिलेंगे ₹30 हजार; 31 अगस्त तक आवेदन

धमतरी। आर्थिक परेशानियों के कारण उच्च शिक्षा बीच में छोड़ने वाली छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति योजना के जरिए पढ़ाई जारी रखने का अवसर है। अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत धमतरी जिले की पात्र छात्राएं पहले चरण में आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 31 अगस्त 2026 इसकी अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।

जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग की ओर से पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

हर साल मिलेगी ₹30 हजार की छात्रवृत्ति

योजना के तहत चयनित पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह आर्थिक सहायता छात्राओं को कॉलेज की फीस, किताबें, अध्ययन सामग्री, यात्रा और पढ़ाई से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं के खर्च में मदद कर सकती है। प्रशासन ने पात्र छात्राओं से अपील की है कि वे आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जरूरी दस्तावेजों के साथ समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

पिछले साल 827 छात्राओं को मिला था लाभ

धमतरी जिले में इस योजना के जरिए पिछले शैक्षणिक सत्र में बड़ी संख्या में छात्राओं को आर्थिक सहायता मिली थी। जिले के 22 महाविद्यालयों की 827 छात्राओं को कुल 2.48 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। पिछले वर्ष योजना का लाभ ले चुकीं और वर्तमान शैक्षणिक सत्र में पढ़ाई जारी रखने वाली छात्राएं भी निर्धारित पात्रता पूरी करने पर दोबारा आवेदन कर सकती हैं।

किन छात्राओं को मिलेगा योजना का लाभ?

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के लिए पात्रता के तहत छात्राओं का 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाएं योजना में शामिल 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के सरकारी स्कूल या कॉलेज से नियमित छात्रा के तौर पर पास होना जरूरी है।इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त सरकारी अथवा पात्र निजी कॉलेज/विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया होना चाहिए। छात्राओं को 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना भी पात्रता का हिस्सा है।

कॉलेजों को दिए गए छात्राओं की मदद के निर्देश

जिला प्रशासन ने जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों को योजना के बारे में पात्र छात्राओं को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि पात्र छात्राओं की पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी योग्य छात्रा जानकारी के अभाव में योजना से वंचित न रह जाए।

जनवरी 2027 में फिर मिलेगा आवेदन का मौका

पहले चरण के आवेदन 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे। जिन पात्र छात्राओं से पहले चरण में आवेदन नहीं हो पाएगा, उनके लिए योजना के तहत दूसरा अवसर भी रखा गया है। दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। योजना से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति की WhatsApp हेल्पलाइन +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है।


संबंधित समाचार