होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

धमतरी बना नक्सल मुक्त जिला: 47 लाख के इनामी 9 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण...

धमतरी बना नक्सल मुक्त जिला: 47 लाख के इनामी 9 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण...

धमतरी: जिले को अब आधिकारिक रूप से नक्सल मुक्त घोषित कर दिया गया है। माओवादी संगठन की सीतानदी एरिया कमेटी से जुड़े अंतिम बचे 9 नक्सलियों ने रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा के समक्ष हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। इस आत्मसमर्पण के साथ ही जिले में नक्सल गतिविधियों का पूरी तरह से अंत हो गया है।

7 महिला और 2 पुरुष नक्सलियों ने किया सरेंडर

आत्मसमर्पण करने वाले 9 नक्सलियों में 7 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर 47 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें से— 2 नक्सलियों पर ₹8-8 लाख, 6 नक्सलियों पर ₹5-5 लाख, 1 नक्सली पर ₹1 लाख का इनाम रखा गया था। लंबे समय से ये नक्सली सुरक्षाबलों के लिए चुनौती बने हुए थे।

ऑटोमेटिक हथियार और गोला-बारूद सौंपे

आत्मसमर्पण के दौरान नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में हथियार और उपकरण पुलिस को सौंपे। इनमें— 5 ऑटोमेटिक राइफल, 2 SLR, 2 INSAS, 1 कार्बाइन, 1 भरमार बंदूक, करीब 50 जिंदा कारतूस, वॉकी-टॉकी, रेडियो और टैबलेट शामिल हैं। यह बरामदगी नक्सली नेटवर्क के पूरी तरह कमजोर होने का संकेत मानी जा रही है।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के नाम

सरेंडर करने वालों में संगठन के शीर्ष और तकनीकी कैडर के सदस्य शामिल हैं, जिनमें— डीवीसीएम ज्योति, डीवीसीएम (टेक्निकल) उषा, एलओएस कमांडर रामदास, सीतानदी एरिया कमेटी कमांडर रोनी उमा, एससीएम (टेक्निकल) निरंजन, एसीएम सिंधु, एसीएम रीना, एसीएम अमिला, लक्ष्मी (बॉडीगार्ड) शामिल हैं।

अब सामान्य पुलिसिंग पर रहेगा फोकस

रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने कहा कि, धमतरी जिला अब पूरी तरह नक्सल मुक्त हो चुका है। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में सामान्य पुलिसिंग, विकास कार्यों और जनसुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने इसे सुरक्षाबलों और शासन की संयुक्त रणनीति की बड़ी सफलता बताया।

 


संबंधित समाचार