अभनपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अभनपुर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां मां मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई जी महाराज को व्हाट्सएप के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद उन्होंने थाना अभनपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। जानकारी के मुताबिक, डॉ. प्रेमासाई महाराज धर्म और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रूप से प्रवचन देते रहे हैं। वे समय-समय पर हिंदू एकता शोभायात्रा, हिंदू जगाओ अभियान और दिव्य दरबार जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों का नेतृत्व करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
गंभीर परिणाम भुगतने की दी चेतावनी
शिकायत में बताया गया है कि 10 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे, जब वे अपने परिवार के साथ केरल में निजी यात्रा पर थे, उसी दौरान उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने लगातार आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने उनके साथ-साथ उनके परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई, वह जम्मू-कश्मीर क्षेत्र से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। ट्रूकॉलर पर उस नंबर के साथ हिलाल बानी नाम प्रदर्शित हो रहा है, हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि कर रही है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता:
पीड़ित ने यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें पहले भी कई बार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। डॉ. प्रेमासाई महाराज ने प्रशासन से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आरोपी की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्हें, उनके परिवार और धाम से जुड़े श्रद्धालुओं को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
मामले की जांच शुरू
वहीं, पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला धार्मिक व्यक्तित्वों की सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा बनता जा रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी, लेकिन फिलहाल सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।