मैहर: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मध्य प्रदेश के विभिन जिलों में कांग्रेस ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन कर नाराजगी व्यक्त की। दतिया में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। तो वही मैहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का पिंडदान कर विरोध जताया। इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि भी दी।
ब्राह्मण भोज भी कराया गया
जिला अध्यक्ष सौरभ ‘लल्ला’ शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की तस्वीर रखकर श्राद्ध और पिंडदान की रस्में कीं। इसके बाद ब्राह्मण भोज कराया गया। पितृ पक्ष के दौरान मैहर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है।
तस्वीर पर मृत्यु की तिथि भी लिखी गई
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री की तस्वीर पर जन्म तिथि के साथ कथित तौर पर मृत्यु तिथि भी लिखी गई थी। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 2014 के बाद से प्रधानमंत्री देश के प्रमुख मुद्दों पर मौन हैं। उन्होंने प्रदर्शन को राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध से भी जोड़ा।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
इधर, प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। मामले में पुलिस की ओर से वैधानिक कार्रवाई किए जाने की जानकारी है। घटना के बाद मैहर में यह प्रदर्शन स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना रहा।