भोपाल : मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार किसानों, युवा और छात्रों के हित में जहां एक तरफ लगातार काम करने के दावे कर रही है। तो वही दूसरी तरफ किसानों के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आवाज उठाते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है। मुकेश नायक का कहना है कि सरकार किसानों को ठग रही है और कर्ज में डूबा रही। दुर्भाग्य की बात है कि शिवराज सिंह चौहान देश के कृषि मंत्री हैं।
सोलर पंप पर सब्सिडी के नाम पर किसानों संग ठगी
कांग्रेस नेता मुकेश नायक का कहना है कि सोलर पंप पर सब्सिडी के नाम पर किसानों को ठगा जा रहा है। जबकि किसानों से पैसा जमा करवा लिया गया है उनको लोन दे दिया गया है, लेकिन उन्हें सब्सिडी नहीं मिल रही। जबकि सरकार ने प्रचार किया था कि सोलर पंप पर 90 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी। इतना ही नहीं इसके लिए सरकार ने 2750 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान भी किया गया था। बावजूद इसके किसानों को सब्सिडी क्यों नहीं दी जा रही।
किसानों पर लाखों करोड़ का कर्ज चढ़ाया जा रहा
मुकेश नायक ने आगे कहा कि किसानों की लागत बढ़ती जा रही है। लेकिन समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा। किसानों को 8.30 फीसदी की दर से सोलर पंप के लिए लोन दिया है। जिससे किसान कर्ज में दबता जा रहा है, किसानों के साथ ठगी हो रही है। किसानों पर लाखों करोड़ का कर्ज चढ़ाया जा रहा है और फायदा बिचौलियों को हो रहा है।