इंदौर : परीक्षाओं में धांधली, नौकरियों में भ्रष्टाचार और महंगी शिक्षा जैसे गंभीर समस्याओं के विरोध में मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने साइकिल यात्रा की शुरुआत की है। इस यात्रा के जरिए जीतू पटवारी करीब 200 किमी साइकिल यात्रा करेंगे और युवाओं के साथ संवाद कर जागरूक करने का प्रयास करेंगे। दो दिवसीय साइक्लोथॉन की शुरुआत आज इंदौर से हो गई है। जिसमे बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
पहला पड़ाव आष्टा
14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक यह यात्रा निकाली जा रही है। जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना और उनके अभिभावकों से संवाद स्थापित करना है। यह अभियान राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले प्रत्येक जिले से बड़ी संख्या में युवा, छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता साइक्लोथॉन से जुड़ेंगे। जिसका पहला पड़ाव आष्टा रखा गया है।
प्रदेश में 'शिक्षा माफिया' हावी है
यात्रा के शुभारंभ पर जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस का कहना है कि युवाओं को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, रोजगार के अवसर और केजी से पीजी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उनका अधिकार है।लेकिन प्रदेश में 'शिक्षा माफिया' हावी है.