CM Mohan Gift: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 33 लाख 92 हजार से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में मई महीने की पेंशन राशि ट्रांसफर कर दी है। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 203 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में जमा करा दी।
कमजोर वर्गों को सम्मान
सीएम ने प्रदेश भर से वर्चुअली जुड़े वरिष्ठजनों और माताओं-बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि बुजुर्गों और कमजोर वर्गों का आदर करना हमारी संस्कृति का धर्म है। सरकार हर नागरिक को सम्मान और सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि हमारी कोशिश है कि सूबे का कोई भी निर्धन परिवार, माताएं, बहनें या दिव्यांग साथी स्वयं को बेसहारा न समझें। यह सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उनके प्रति सरकार का स्नेह और सुरक्षा का वचन है।
किसानों को बड़ी सौगात
सीएम मोहन ने किसानों को भी बड़ी सौगात दी है। कृषक कल्याण वर्ष के तहत अब प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज तो मिलेगा ही, लेकिन अब उसे चुकाने की समयावधि 31 मार्च नहीं होगी। नए नियम के मुताबिक, किसान जिस भी तारीख को बैंक से कर्ज लेंगे, उन्हें उसे चुकाने के लिए पूरे अगले 12 महीने की अवधि मिलेगी। इस फैसले से किसानों को रबी और खरीफ फसलों के चक्रव्यूह से बड़ी राहत मिलेगी।
गरीबी रेखा से विदाई
सीएम ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आने में सफल रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के जरिए देश के 80 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन मिल रहा है। इसके साथ ही पीएम आवास, आयुष्मान भारत, जल-जीवन मिशन और उज्जवला योजना जैसी योजनाओं ने कल्याण का एक नया इतिहास रच दिया है।