नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा के सम्मानित सदस्यों के लिए स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए।
सेवा और स्नेह की परंपरा की प्रशंसा
मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी बहनों के स्नेह, आत्मीयता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि हर वर्ष विधानसभा सदस्यों के लिए ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक प्रेरणादायी परंपरा है, जो सकारात्मकता और सौहार्द को मजबूत करती है।
नैतिक मूल्यों और आत्मिक शांति पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था समाज में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक जागरूकता और आत्मिक शांति के प्रसार में निरंतर योगदान दे रही है। शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे केंद्रों में सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने संस्था के 137 से अधिक देशों में विस्तार को प्रेरक बताया।
महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी पहल
मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि संस्था की जनकल्याणकारी गतिविधियां समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच रही हैं। महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के साथ-साथ जनजातीय क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों से व्यापक लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी बहनों के अतिथि के रूप में पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कैबिनेट मंत्रीगण और सभी विधायकगण उपस्थित रहे।
माउंट आबू आमंत्रण स्वीकार
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने मुख्यमंत्री एवं विधानसभा सदस्यों को माउंट आबू आने का आमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।