होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर लगेगा बैन, स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किए कई बड़े ऐलान

छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर पर लगेगा बैन, स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किए कई बड़े ऐलान

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में एनालॉग पनीर की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके साथ ही 'स्वस्थ बस्तर अभियान' के दूसरे चरण की शुरुआत, मलेरिया नियंत्रण, 108 एंबुलेंस सेवा के विस्तार और मेकाहारा अस्पताल के आधुनिकीकरण को लेकर भी जानकारी दी।

स्वस्थ बस्तर अभियान का दूसरा चरण होगा शुरू

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अभियान के पहले चरण में दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए थे। इस पहल से लोगों को समय पर उपचार मिला और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार दर्ज किया गया। अभियान की सफलता को देखते हुए अब इसका दूसरा चरण जल्द शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बेहतर प्रदर्शन के लिए राज्य को 400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है, जिसका उपयोग स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और नई योजनाओं के संचालन में किया जाएगा।

मलेरिया नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति

मंत्री ने कहा कि हाल ही में मलेरिया से हुई तीन मौतों के बाद विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहा है। प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों को सक्रिय किया गया है। जांच, उपचार और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए मलेरिया के मामलों पर नियंत्रण पाने की कोशिश की जा रही है।

375 नई 108 एंबुलेंस से मिलेगी राहत

प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 375 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस संचालित की जा रही हैं। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी।

मेकाहारा अस्पताल का होगा आधुनिकीकरण

डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में हुई आग की घटना के बाद राज्य सरकार ने अस्पताल के व्यापक नवीनीकरण का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस कार्य के लिए 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से विद्युत व्यवस्था, एयर कंडीशनिंग सिस्टम और अन्य जरूरी अधोसंरचना को आधुनिक बनाया जाएगा।

एनालॉग पनीर की बिक्री पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राज्य में एनालॉग पनीर की बिक्री पूरी तरह बंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा और इस संबंध में जल्द ही आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे।


संबंधित समाचार