होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बेमौसम बारिश से धान नहीं बेच पाए किसान न हों परेशान, दोबारा जारी होगा टोकन

बेमौसम बारिश से धान नहीं बेच पाए किसान न हों परेशान, दोबारा जारी होगा टोकन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के चलते धान उपार्जन केंद्रों तक अपनी फसल नहीं पहुंचा पाने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। निर्धारित तारीख पर धान की बिक्री नहीं कर पाने वाले किसानों को दोबारा टोकन जारी करने की सुविधा दी जाएगी। यदि बारिश या अन्य कारणों से किसान का टोकन निरस्त हो जाता है, तो उसे फिर से धान बेचने का अवसर मिल सकेगा।

बारिश के कारण धान नहीं बेच पाए किसानों को मिलेगा दूसरा मौका

मार्कफेड के प्रबंध संचालक (एमडी) जितेंद्र शुक्ला के मुताबिक, तय तारीख पर धान उपार्जन केंद्र नहीं पहुंच पाने वाले किसानों को दोबारा टोकन जारी किया जाएगा। फसल कटाई में देरी, खराब मौसम या तकनीकी परेशानियों के कारण जिन किसानों का टोकन निरस्त हुआ है, वे पुनः टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपने संबंधित धान खरीदी केंद्र, सहकारी समिति या जिला खाद्य कार्यालय में संपर्क करना होगा। इसके अलावा किसान 'तुहर टोकन' मोबाइल ऐप के माध्यम से भी दोबारा टोकन लेने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

दूसरी बार टोकन कैंसिल होने पर घट जाएगा एक अवसर

धान खरीदी के दौरान टोकन निरस्त होने के नियमों को लेकर किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। पहली बार टोकन रद्द होने पर किसान को नया टोकन लेकर धान बेचने का एक और मौका दिया जाएगा। हालांकि, यदि दूसरी बार भी टोकन निरस्त होता है, तो किसान की निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक अवसर कम कर दिया जाएगा। नियमों के अनुसार, लघु और सीमांत किसानों के लिए अधिकतम दो टोकन तथा बड़े किसानों के लिए तीन टोकन की सीमा तय की गई है। ऐसे में दूसरी बार टोकन निरस्त होने से किसानों के पास धान बिक्री के लिए उपलब्ध अवसर कम हो सकते हैं।

टोकन में दर्ज तारीख पर ही पहुंचाना होगा धान

धान बेचने के लिए किसानों को टोकन में उल्लेखित तारीख का ध्यान रखना होगा। निर्धारित दिन पर ही उपार्जन केंद्र में धान लेकर पहुंचना जरूरी है। यदि किसान तय समय पर धान नहीं लाते हैं या टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लेकर पहुंचते हैं, तो शेष धान की खरीदी और नए टोकन जारी करने के मामले में लागू नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी। इसलिए किसानों को सलाह है कि वे मौसम की स्थिति और फसल कटाई को ध्यान में रखते हुए समय पर धान खरीदी केंद्र पहुंचने की तैयारी करें, ताकि टोकन निरस्त होने और धान बिक्री के अवसर कम होने जैसी परेशानियों से बचा जा सके।


संबंधित समाचार