छतरपुर : मध्य प्रदेश के छतरपुर में सड़क हादसे का शिकार होने के चलते एक 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि हादसे में 2 लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। हादसा नंदलपुरा के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे अज्ञात दोपहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना बमीठा थाना क्षेत्र की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
अज्ञात दोपहिया वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, भगवानदास पटेल पिता स्वर्गीय परमलाल पटेल, निवासी बरद्वाहा थाना बमीठा, अपने रिश्तेदार के यहां नंदलपुरा में आयोजित तेहरवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से गांव लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ किशन पटेल और बालकदास पटेल भी सवार थे। इसी दौरान नंदलपुरा के पास सामने से आए अज्ञात दोपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
हादसे में किशन पटेल और बालकदास पटेल को मामूली चोटें आईं, जबकि भगवानदास पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान सद्दूपुरा निवासी के रूप में होने की जानकारी सामने आई है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।