दतिया : 30 जुलाई को होने वाले दतिया उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम 5 बजे से प्रचार प्रसार का दौर थम गया है। निर्वाचन आयोग ने चुनाव को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। तो वही पुलिस प्रशासन ने शहरभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये है। इसके साथ ही प्रशासन ने बाहरी लोगों को जिला छोड़ने के निर्देश दे दिए है। ताकि चुनाव में किसी तरह की दिक्कत न हो।
जनसभाओं- रैलियों पर लगी रोक
इतना ही नहीं जिले में चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई है। यानि की अब चुनाव तक लाउडस्पीकर, जनसभाओं, रैलियों और जुलूसों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। ऐसे में अब उम्मीदवार और कार्यकर्ता घर घर जाकर ही प्रचार प्रसार कर सकेंगे।
दो व्यक्तियों पर जिला बदर की कार्रवाई
इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिले की सीमाओं पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, वहीं होटल, लॉज और धर्मशालाओं की भी लगातार जांच की जा रही है। उपचुनाव से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दो व्यक्तियों पर जिला बदर की कार्रवाई भी की गई है।
29 जुलाई को होगा मतदान सामग्री का वितरण
प्रशासन के अनुसार, 30 जुलाई को होने वाले मतदान के लिए 29 जुलाई सुबह 5 बजे से मतदान दलों को सामग्री का वितरण शुरू होगा। जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी होने का दावा करते हुए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने की बात कही है।
03 अगस्त को होगा फैसला
बता दें कि उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। जिनकी किस्मत का फैसला 03 अगस्त को होगा।