दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम 5 बजे समाप्त हो गया। इसके साथ ही जिले में चुनाव आचार संहिता के तहत लाउडस्पीकर, जनसभाओं, रैलियों और जुलूसों पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। तो वही मतदाताओं को रिझाने के लिए कांग्रेस - बीजेपी ने घर-घर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। ताकि सत्ता की कामना अपने हाथों में ले सके।
03 अगस्त को आएंगे नतीजे
30 जुलाई को होने वाले चुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी ने एड़ी से चोटी का जोर लगा दिया है। बता दें कि चुनावी मैदान में इस बार 21 प्रत्याशी है। जिनकी किस्मत का फैसला 03 अगस्त को होगा। बता दें कि उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक और राजघराने से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है।
2,20,344 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे
निर्वाचन आयोग के अनुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,20,344 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 1,16,088 पुरुष, 1,04,246 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 1,372 दिव्यांग मतदाता, 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,237 वरिष्ठ नागरिक और 443 सर्विस वोटर भी इस चुनाव में मतदान करेंगे। मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर 21 प्रत्याशियों के साथ नोटा (NOTA) का भी विकल्प चुन सकेंगे।