होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Budget 2026 पर छग सरकार की प्रतिक्रिया: CM साय बोले- विकसित भारत की नींव, हर वर्ग के लिए समर्पित बजट...

Budget 2026 पर छग सरकार की प्रतिक्रिया: CM साय बोले- विकसित भारत की नींव, हर वर्ग के लिए समर्पित बजट...

रायपुर। संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आम बजट Budget 2026 पेश किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी और प्रशासनिक हलकों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। वित्त मंत्री ने लगातार 9वीं बार बजट पेश कर नया रिकॉर्ड कायम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम बताया है।

रोजगार सृजन और जन आकांक्षाओं की पूर्ति मुख्य उद्देश्य:

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में मंत्रियों और पार्टी नेताओं के साथ बजट भाषण सुना। इसके बाद उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित और समृद्ध भारत की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से वित्त मंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बजट का मुख्य उद्देश्य आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जन आकांक्षाओं की पूर्ति है।

किसान, युवा, महिला और गरीब पर फोकस:

सीएम साय ने कहा कि बजट में गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता दी गई है। छत्तीसगढ़ को इस बजट से सीधा लाभ मिलेगा। कृषि क्षेत्र में AI तकनीक के उपयोग, युवाओं के लिए रोजगार अवसर बढ़ाने, विदेशों में पढ़ाई को सुलभ बनाने और दवाइयों की कीमतें घटाने जैसे अहम प्रावधान शामिल किए गए हैं।

बेटियों के लिए बड़ी सौगात:

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बजट को 2047 के विजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट भारत के भविष्य की नींव रखता है। खासतौर पर हर जिले में छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल की घोषणा को उन्होंने बेटियों के लिए बड़ी खुशखबरी बताया। डॉ. रमन सिंह ने आयुर्वेद को बढ़ावा देने, अधोसंरचना विकास और दीर्घकालिक योजनाओं को भी बजट की प्रमुख उपलब्धि बताया। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव को लेकर उन्होंने कहा कि बाजार अस्थायी रूप से प्रभावित होता है, लेकिन स्थितियां जल्द ही सामान्य हो जाती हैं।

जनकल्याण और विकास का रोडमैप:

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट को जनकल्याण और गरीबी उन्मूलन का विजन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। Budget 2026 में स्पष्ट रोडमैप, दूरदर्शिता और विकसित भारत का संकल्प साफ तौर पर दिखाई देता है।


संबंधित समाचार