रायपुर। इंजीनियरिंग भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। 8 फरवरी 2026 को एक साथ तीन बड़ी परीक्षाओं के आयोजन से परीक्षार्थी असमंजस में फंस गए हैं। इस दिन UPSC इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा (प्रीलिम्स), CG व्यापम द्वारा आयोजित एनआरडीए (नया रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी) जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा, और CTET (केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा) आयोजित की जा रही है। CG व्यापम ने एनआरडीए के अंतर्गत सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल जूनियर इंजीनियर पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा तिथि 8 फरवरी तय की है। वहीं, इसी दिन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) देशभर में इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा प्रीलिम्स आयोजित करेगा। इसके साथ ही केंद्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा CTET भी उसी दिन होनी है।
अभ्यर्थियों में नाराज़गी, सोशल मीडिया पर उठी आवाज:
तीन अहम परीक्षाओं के एक ही दिन होने से अभ्यर्थियों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार परीक्षार्थी अपनी आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। कई उम्मीदवारों ने CG व्यापम को लिखित आवेदन देकर परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग भी की है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की राहत नहीं मिल सकी है।
बीएड डिग्रीधारी इंजीनियरों पर दोहरी मार:
इस परीक्षा टकराव का सबसे अधिक असर उन इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों पर पड़ा है, जिनके पास B.Ed डिग्री भी है। ऐसे उम्मीदवारों के लिए CTET और JE भर्ती दोनों ही करियर के अहम पड़ाव माने जाते हैं। एक ओर CTET शिक्षक बनने का राष्ट्रीय स्तर का अवसर देता है, वहीं दूसरी ओर एनआरडीए जूनियर इंजीनियर पद छत्तीसगढ़ में एक प्रतिष्ठित सरकारी नौकरी का माध्यम है।
अभ्यर्थियों की मांग, बदली जाए व्यापम परीक्षा तिथि:
परीक्षार्थियों का कहना है कि एक ही दिन तीन प्रमुख परीक्षाएं आयोजित करना न्यायसंगत नहीं है। इससे योग्य उम्मीदवारों को मजबूरी में किसी एक अवसर को छोड़ना पड़ेगा, जो उनके भविष्य को प्रभावित कर सकता है। अभ्यर्थियों ने CG व्यापम से अपील की है कि जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा की तिथि पुनर्निर्धारित की जाए, ताकि यह किसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा से न टकराए। अब देखना होगा कि परीक्षार्थियों की बढ़ती नाराज़गी को देखते हुए संबंधित एजेंसियां इस पर क्या निर्णय लेती हैं।