भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में नामी ब्रांड्स के नाम पर कथित नकली उत्पादों की बिक्री का मामला सामने आया है। भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने ग्राम अर्जुनी स्थित जय जगन्नाथ यूरिया पानी एवं ग्रिसिंग सेंटर में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध नकली मोबिल ऑयल और संबंधित उत्पाद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 30 हजार 500 रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 वर्षीय दिनेश रजक, पिता अशोक रजक, निवासी ग्राम मुढीपार (रवान), थाना सिटी कोतवाली को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
छापेमारी में 246 सीलबंद डिब्बे बरामद
भाटापारा ग्रामीण पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 246 सीलबंद डिब्बे बरामद किए गए। इनमें टाटा मोटर्स के नाम से डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड के 20 लीटर वाले 149 डिब्बे और गल्फ ऑयल लुब्रिकेंट डीईएफ के 20 लीटर वाले 97 डिब्बे शामिल हैं। पुलिस ने इन उत्पादों की कुल अनुमानित कीमत 4,30,500 रुपये बताई है।
नामी कंपनियों की पैकेजिंग से मिलते-जुलते थे उत्पाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद उत्पादों पर ब्रांड नाम, पैकेजिंग और पहचान को कथित तौर पर इस तरह इस्तेमाल किया गया था कि वे असली उत्पादों से मिलते-जुलते दिखाई दें। पुलिस के अनुसार आरोपी इन उत्पादों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की कोशिश कर रहा था। ऐसे उत्पादों की बिक्री से ग्राहकों के बीच असली और नकली सामान को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा होने के साथ संबंधित कंपनियों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका भी रहती है।
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर भाटापारा ग्रामीण थाने में अपराध क्रमांक 451/2026 दर्ज किया है। मामले में कॉपीराइट एक्ट की धारा 63, 65, ट्रेडमार्क अधिनियम की धारा 104 तथा बीएनएस की धारा 318(4), 347, 349 और 350(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नकली उत्पादों की जब्ती के साथ आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं। मामले की आगे की विवेचना और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने उपभोक्ताओं से की सतर्क रहने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि यदि किसी ब्रांड के नकली या संदिग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने उपभोक्ताओं को भी सलाह दी है कि किसी भी उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी पैकेजिंग, लेबल, सील और प्रामाणिकता की अच्छी तरह जांच करें।