MP Breaking News: भोपाल में आज विशाल तिरंगा यात्रा निकलेगी। करीब एक लाख नागरिक तिरंगा लेकर शामिल होंगे। CM मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी यात्रा में शामिल होंगे। जानें पूरा रूट और मुख्यमंत्री का कार्यक्रम। भोपाल की खुशी दाभाड़े ने नाइजीरिया में आयोजित सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में महिला एपी टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। वहीं MP Board ने 10वीं-12वीं की 2027 मुख्य परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है।
भोपाल में विशाल तिरंगा यात्रा आज
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आज देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आएगी। शहर में आज विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें करीब एक लाख नागरिकों के हाथों में तिरंगा नजर आएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी इस यात्रा में शामिल होंगे। करीब 32 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग को तिरंगों और स्वागत स्थलों से सजाया गया है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। वहीं, यात्रा में शामिल होने के लिए करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन किया गया है।विशाल तिरंगा यात्रा का मार्ग कोलार से संत नगर तक करीब 32 किलोमीटर का होगा। यात्रा के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं। कई जगहों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं, जहां लोग तिरंगे के साथ तस्वीरें ले सकेंगे। यात्रा के दौरान ‘Gen Z Against Addiction’ अभियान के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज का संदेश भी दिया जाएगा। तिरंगा यात्रा को लेकर भोपाल में व्यापक तैयारियां की गई हैं। बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना के चलते यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रमुख चौराहों पर स्वागत की तैयारियों के साथ युवाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह से ही भोपाल में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 9:30 बजे: मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक पहुंचेंगे। सुबह 9:30 बजे के बाद: शौर्य स्मारक में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ करेंगे। सुबह 9:50 बजे: शौर्य स्मारक से तिरंगा यात्रा को फ्लैग ऑफ करेंगे। सुबह 10:30 बजे: कोलार में कर्मश्री तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे: भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद इंदौर से मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़वानी रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे: मुख्यमंत्री बड़वानी पहुंचेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 7 बजे: मुख्यमंत्री भोपाल वापस पहुंचेंगे।
भोपाल की बेटी ने फेंसिंग में जीता गोल्ड
भोपाल। मध्य प्रदेश के लिए खेल जगत से बड़ी और गौरव बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। भोपाल के बाणगंगा क्षेत्र की रहने वाली फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाभाड़े ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। नाइजीरिया में आयोजित सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में खुशी ने महिला एपी टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले वह इसी प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं। इस तरह चैंपियनशिप में खुशी के खाते में अब एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हो गया है खुशी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है। वह इस साल फ्रांस, मिस्र, रूस और दक्षिण कोरिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उनके इस प्रदर्शन से भोपाल और मध्य प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
MP Board ने जारी किया 10वीं-12वीं का टाइम टेबल
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षा 2027 का टाइम टेबल जारी कर दिया है। लंबे समय से परीक्षा कार्यक्रम का इंतजार कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए यह अहम अपडेट है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। वहीं 10वीं बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी 2027 से आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होंगी। यह परीक्षा कार्यक्रम नियमित के साथ-साथ प्राइवेट विद्यार्थियों पर भी लागू होगा। मंडल ने विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा वाले दिन किसी भी तरह की देरी से बचने के लिए पहले से तैयारी रखने की सलाह दी गई है।