भोपाल : मध्य प्रदेश में नवरात्रि, दशहरा सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए डीजीपी कैलाश मकवाना ने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियों पर अस्थायी रोक लगा दी है। जिसको लेकर आदेश भी जारी कर दिया गया है। दरअसल, सुरक्षा को देखते हुए पुलिस मुख्यालय की ओर से यह कदम उठाया गया।
11 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक छुट्टी पर प्रतिबंध
आदेश के मुताबिक 11 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक पुलिस विभाग में सामान्य अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान त्योहारों के चलते शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की आवश्यकता होगी।
विशेष परिस्थितियों में अवकाश लेने की व्यवस्था
हालांकि विशेष परिस्थितियों में अवकाश लेने की व्यवस्था रखी गई है। पुलिसकर्मियों को छुट्टी के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षक (SP) से अनुमति लेनी होगी। वहीं वरिष्ठ स्तर के पुलिस अधिकारियों को अवकाश के लिए डीजीपी की स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।
अप्रिय स्थिति से निपटने पुलिस प्रशासन की तैयार
पुलिस विभाग के इस निर्णय का उद्देश्य त्योहारों के दौरान पर्याप्त बल की उपलब्धता सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन को तैयार रखना है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।