छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ थाना प्रभारियों और अधिकारियों के तबादले करते हुए नई पदस्थापना सूची जारी की गई है। इस सूची में कुल 6 निरीक्षक (Inspector) और 1 उप निरीक्षक (Sub-Inspector) को इधर से उधर किया गया है। आदेश जिले की एसपी भावना गुप्ता द्वारा जारी किया गया है।
इस फेरबदल के तहत कुछ अधिकारियों को नए थानों की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं एक अधिकारी को थाने के साथ-साथ यातायात शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसे पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और कार्यप्रणाली में सुधार के उद्देश्य से लिया गया निर्णय माना जा रहा है।
जारी सूची के अनुसार, निरीक्षक लखेश केंवट को सिमगा थाना से हटाकर सिटी कोतवाली बलौदाबाजार का प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक धीरेन्द्रनाथ दुबे को सुहेला थाना से स्थानांतरित कर सिमगा थाना की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, जो अब तक रक्षित केंद्र बलौदाबाजार में पदस्थ थे, उन्हें सुहेला थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। निरीक्षक प्रवीण मिंज को गिधौरी थाना से स्थानांतरित कर कसडोल थाना प्रभारी बनाया गया है, साथ ही उन्हें यातायात शाखा कसडोल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
निरीक्षक उनेश देशमुख को अजाक थाना से स्थानांतरित कर गिधपुरी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक सहदेव नेताम को रक्षित केंद्र से हटाकर अजाक थाना, कंट्रोल रूम, शिकायत और जीविशा शाखा का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा उप निरीक्षक संदीप बंजारे को गिधपुरी थाना से स्थानांतरित कर गिधौरी थाना का प्रभार सौंपा गया है।