पन्ना : मध्य प्रदेश के पन्ना में एक ऑटो चालक को खोदाई के दौरान 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला है। यह हीरा देव उठनी एकदशी के दिन मिलने से परिवार में जहां खुशी की लहर है। तो वही इस हीरे की कीमत 10 से 15 लाख रूपए बताई जा रही है।
खदान लगाने के 15 दिन के भीतर मिला हीरा
दरअसल, कुछ दिनों से सोनू रैकवार पिता बाबूलाल रैकवार को रात में सोते समय रोज़ हीरा मिलने के सपने आते थे। नींद खुलते ही उन्हें लगता कि काश यह हकीकत बन जाए। आखिरकार उन्होंने यह बात घरवालों को बताई, जिस पर परिवार ने उन्हें खदान लगाने की सलाह दी। सोनू कार्यालय गए, वहां से पट्टा लिया और रानीपुर में खदान शुरू कर दी। खदान लगाने के 15 दिन के भीतर ही उनका सपना सच हो गया और उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया।
हीरा मिलने का आ रहा था सपना
हीरा मिलने के बाद सोनू का उत्साह और बढ़ गया है। उनका कहना है कि नीलामी से मिलने वाली राशि से वे आगे भी खदान लगाएंगे और बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे, क्योंकि उन्हें अभी भी बड़ा हीरा मिलने के सपने आ रहे हैं।
हीरे को कार्यालय में किया गया जमा
फिलहाल सोनू ने हीरे को विधिवत रूप से हीरा कार्यालय में जमा करा दिया गया है। हीरा पारखी अनुपम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जेम्स क्वालिटी का हीरा है, जिसकी बाजार में अच्छी मांग है। इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा, जिससे सोनू को बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि अभी तक हीरा कार्यालय में 175 नग हीरे जिनका वजन 387.21 है जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 1 लाख रुपये है।