रायपुर के माना थाना क्षेत्र में चोरी के एक चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना माना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
सूने मकान को बनाया था निशाना
इस मामले की शिकायत अनिल बघेल ने 22 सितंबर 2025 को दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि धरमपुरा स्थित उनके खाली मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और अलमारी व लॉकर को तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और चांदी की मूर्ति चोरी कर ले गए। इस घटना के बाद थाना माना में अपराध क्रमांक 303/25 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पहले बरामद हो चुका है लाखों का सामान
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही एक आरोपी चंदन चेलक को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से करीब 75 ग्राम सोना, लगभग 2.8 किलो चांदी और नकदी समेत कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया था।
फरार आरोपी पर थी पुलिस की नजर
मामले का दूसरा आरोपी विजय जांगड़े घटना के बाद से लगातार फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार मुखबिर सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट से जारी था स्थायी वारंट
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।