छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया गया है। वर्तमान में डॉ. रवि मित्तल छत्तीसगढ़ में जनसंपर्क आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री सचिवालय में डिप्टी सेक्रेटरी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। अक्टूबर 2024 से जनसंपर्क विभाग की कमान संभालते हुए उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को नई दिशा दी है।
मेडिकल पृष्ठभूमि से प्रशासन तक का सफर
डॉ. रवि मित्तल ने दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। मेडिकल बैकग्राउंड होने के कारण उनके कार्यों में सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा का दृष्टिकोण साफ दिखाई देता है।
जशपुर में ‘Jash Pure’ ब्रांड से मिली पहचान
जशपुर में कलेक्टर के रूप में कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘जश प्योर’ (Jash Pure) ब्रांड की शुरुआत की। इस पहल ने जिले के उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी।