मुकेश प्रजापति, भैरूंदा : मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा पूरी करने के बाद कांग्रेस नेता और नर्मदा भक्त-सेवक विक्रम मस्ताल शर्मा ‘हनुमानजी’ द्वारा 22 मार्च 2026 को एक भव्य भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उनके सलकनपुर-इटारसी स्थित निवास पर सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
90 दिनों में पूरी परिक्रमा
विक्रम मस्ताल शर्मा ने मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा महज 90 दिनों में पूर्ण कर एक रिकॉर्ड स्थापित किया है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में यह विशाल भंडारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा
कार्यक्रम में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हो सकते हैं। इनमें नकुलनाथ, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, लखन घनघोरिया, अरुण यादव, सचिन यादव, प्रियव्रत सिंह, पंकज उपाध्याय, प्रवीण पाठक, देवेंद्र पटेल सहित कई विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा साधु-संत और विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन भी आयोजन में हिस्सा लेंगे।
हेलीकॉप्टर से पहुंचेगे नेता
इस आयोजन की एक खास बात यह भी है कि कार्यक्रम स्थल पर एक साथ दो हेलीकॉप्टर उतरने की तैयारी की गई है। इसके लिए दो हेलीपैड बनाए जा चुके हैं, जबकि तीसरे हेलीपैड की अनुमति भी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पहली बार इस तरह का आयोजन होगा, जहां एक साथ कई हेलीकॉप्टर उतरेंगे।
अलर्ट पर प्रशासन अलर्ट
नेताओं के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम, एसडीओपी और अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
भाजपा नेताओं को भी निमंत्रण
विक्रम मस्ताल शर्मा ने इस आयोजन के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी आमंत्रित किया है। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य भाजपा नेताओं को भी निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि उनके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।