बुधनी : मध्य प्रदेश सहित देशभर में शारदीय नवरात्रि की धूम देखने को मिल रही है। भक्त पूरी श्रध्दा के साथ अलग अलग जगहे पर माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे है। इसी कड़ी में आज नवरात्रि के पहले दिन सलकनपुर धाम में मां विजयासन के दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्त ढोल-डीजे की थाप पर नाचते गाते और माता रानी के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु धाम की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे धाम के आसपास रास्तों में भक्तिमय और आलौकिक माहौल देखने को मिल रहा है।
दर्शन का संकल्प पूरा कर रहे भक्त
बता दें कि नवरात्रि के पूर्व से ही दूर-दराज इलाकों से पैदल यात्राएं अब मां के दरबार में पहुंचने लगी है। यह पैदल यात्रा बैतूल, बरेली सहित आसपास के कई दूरस्थ जिलों से आ रही है। भक्त 200 से 250 किलोमीटर का सफर पैदल तय कर मां विजयासन के दर्शन का संकल्प पूरा कर रहे हैं।
800 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित मंदिर
नवरात्रि में सलकनपुर देवीधाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का केंद्र बनता है; यहां भक्त पहाड़ी चढ़कर मां के दर्शन करते हैं।“नवरात्रि की चौखट पर मां विजयासन के दरबार में भक्ति का रंग गाढ़ा होता जा रहा है। पैदल यात्रियों की आस्था और जोश देखते ही बनता है। बता दें कि 800 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर में पहुंचने के लिए भक्तों को करीब 2000 सीढ़िया चढ़नी पड़ रही है।