नई दिल्ली: राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा नई दिल्ली स्थित सुषमा स्वराज भवन में आयोजित दो दिवसीय ‘मीडिया मंथन’ राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन का सफल समापन हुआ। इस कार्यक्रम में देशभर के 20 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रिंट और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया, इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की 5 महिला पत्रकारों को आमंत्रित किया गया. जिसमें हरिभूमि मीडिया ग्रुप की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही। हरिभूमि मीडिया की तरफ से रायपुर से श्वेता शर्मा और भिलाई से संगीता मिश्रा ने इस कार्यक्रम में भाग लिया. समापन सत्र को संबोधित करते हुए आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि जेंडर-संवेदनशील रिपोर्टिंग केवल खबर प्रस्तुत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की गरिमा, सत्य और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों को सनसनीखेज बनाने के बजाय संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।
दो प्रकाशनों का विमोचन :
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं से संबंधित विषयों पर जिम्मेदार, नैतिक और संवेदनशील रिपोर्टिंग को बढ़ावा देना रहा। दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप में महिलाओं के मुद्दों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने पर विचार-विमर्श किया। उद्घाटन सत्र में Truecaller की ‘ट्रू साइबर सखी’ और आयोग की ‘रिपोर्टिंग विद डिग्निटी’ जैसी दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन किया गया। ये प्रकाशन मीडिया पेशेवरों को नैतिक रिपोर्टिंग और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित:
सम्मेलन के दौरान कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। मीडिया कानून और नैतिकता पर सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पिंकी आनंद ने विचार रखे, जबकि महिलाओं से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर मनमोहन वर्मा ने विस्तृत जानकारी दी। वहीं, भारतीय जनसंचार संस्थान की कुलपति डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने मीडिया में महिलाओं की गरिमामय और विविध प्रस्तुति पर जोर दिया। इसके अलावा, प्रसार भारती की स्वाति गुप्ता द्वारा संचालित सत्र में भाषा, प्रस्तुतीकरण और जिम्मेदार रिपोर्टिंग की भूमिका पर विशेष चर्चा हुई।
सम्मेलन के अंत में प्रतिभागियों को समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने और महिलाओं के सशक्तिकरण की मजबूत आवाज बनने का संदेश दिया गया।