छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लगभग 100 साल पुराने एसडीएम कार्यालय भवन में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 6 बजे भवन से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
मौके पर पहुंचीं दमकल की कई गाड़ियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे एसडीएम कार्यालय भवन से धुआं निकलता दिखाई दिया। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में 3 से 4 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे घटनास्थल
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी हुई है। आग भवन के अंदरूनी हिस्सों में फैलने की आशंका के चलते सावधानी बरती जा रही है, ताकि नुकसान को कम से कम किया जा सके।
रिकॉर्ड रूम को बचाने के लिए तोड़ी जा रही दीवार
आग के रिकॉर्ड रूम तक पहुंचने की आशंका के कारण प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से भवन की दीवार तोड़कर रिकॉर्ड बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है, ताकि राजस्व विभाग के जरूरी कागजात सुरक्षित रखे जा सकें।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने की असली वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
अंग्रेजों के समय में बना था यह ऐतिहासिक भवन
जानकारी के मुताबिक बलौदा बाजार का यह एसडीएम कार्यालय भवन करीब 100 साल से भी ज्यादा पुराना है और इसका निर्माण अंग्रेजों के शासनकाल में हुआ था। आज भी राजस्व विभाग का कामकाज इसी ऐतिहासिक भवन से संचालित किया जाता है।