मुकेश प्रजापति, भैरुंदा : भैरुंदा के दिमावर रेत घाट पर काम करने वाले मजदूर परिवार की 10 वर्षीय मासूम बेटी के साथ अपहरण कर दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, हालांकि आरोपियों का अबतक कोई सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात आरोपियों ने बीते बुधवार की सुबह पीड़ित बालिका का अपहरण कर उसे पास के खेत में ले गए जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और बालिका को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। पीडित बालिका के माता-पिता उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। परिवार दिमावर में रेत घाट पर काम करता है।
क्या है पूरी घटना
घटना 4 फरवरी की सुबह 6 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दिए बयान के अनुसार बालिका जंगल में लकड़ी बिनने के लिए गई थी, लकड़ी लेने के बाद जब वह वापस अपने घर आ रही थी तभी, दो बाइक सवार युवक आए, युवकों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए मुंह पर रुमाल बांध रखा था। आरोपियों ने नाबालिक को जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठकर एकांत में ले जाने लगे। जब पीड़िता मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी तो, आरोपियों ने अपने रुमाल से पीड़िता का मुंह बंद कर दिया। आरोपी बच्ची को पास के एक खेत में ले गए, जहां आरोपियों ने कैंची से पीड़िता के कपड़े काट दिए और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीडिता ने पुलिस को बताया की मेरे कपड़े काट रहे थे तभी मैं बेहोश हो गई और मुझे नहीं मालूम कि मेरे साथ क्या-क्या हुआ।
खेत में बेहेश पड़ी रही बच्ची
पीड़िता के मुताबिक वह दिनभर खेत में ही पड़ी रही, जब शाम को उसे होश आया तो, उसने देखा की एक अज्ञात व्यक्ति उसके मुंह पर पानी डाल रहा है। होश आने पर उसे तकलीफ हुई तो, वह समझी कि मेरे साथ कुछ ना कुछ हुआ है। इसके बाद पीडिता घर पहुंची और अपने माता-पिता को सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी और भैरूंदा पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश कर रही है।