देवास : मध्य प्रदेश के देवास में आज लोकयुक्त की टीम ने प्रधान आरक्षक फिरोज खान के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई कर करीब 11 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति होने का खुलासा किया। इतना ही नहीं जांच के दौरान 33 अचल संपत्तियों होने का भी पता चला है, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 29 करोड़ 73 लाख रुपये बताया जा रहा है।
15 ठिकानों पर लोकायुक्त की रेड
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के देवास स्थित आदर्श नगर आवास सहित 15 ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई.... जांच में अब तक उनकी कुल आय करीब 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि चल-अचल संपत्तियों पर करीब 12 करोड़ 95 लाख 72 हजार रुपये खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है. इस तरह आय और व्यय के बीच लगभग 11 करोड़ 1 लाख 87 हजार रुपये का अंतर पाया गया है।
संपत्ति खरीदने में 11 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए गए
लोकायुक्त के मुताबिक, जांच के दौरान अलग-अलग नामों पर कुल 33 अचल संपत्तियों का पता चला है। इन संपत्तियों को खरीदने में करीब 11 करोड़ 57 लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी है, जबकि इनका वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 29 करोड़ 73 लाख रुपये आंका गया है।
जांच में 21 खाते आए सामने
इसके अलावा ट्रक, कार, स्कॉर्पियो, स्कूटी और मोटरसाइकिल सहित करीब नौ वाहनों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। देवास, इंदौर और उज्जैन के बैंकों में लगभग 21 खाते सामने आए हैं। जांच में साहिल ट्रेडिंग कंपनी, रॉयल ग्रीन रियल एस्टेट, रोशनी सेल्स एंड सर्विस, महाराजा रियल एस्टेट और ब्लैक हॉर्नेट नाम की कंपनियों का भी उल्लेख किया गया है।
बैंक खातों और कंपनियों की जानकारी जुटाई जा रही
लोकायुक्त टीम बैंक खातों और कंपनियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। विभाग के अनुसार, बैंक खातों से राशि निकालने पर रोक लगाई गई है। देवास और इंदौर में सर्चिंग की कार्रवाई जारी है, जबकि अन्य स्थानों पर तलाशी पूरी हो चुकी है।
फिरोज खान वर्तमान में इंदौर के पीटीसी में पदस्थ
यह कार्रवाई सुबह करीब 06 बजे लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीमों ने की। फिरोज खान वर्तमान में इंदौर के पीटीसी में पदस्थ हैं। जिनसे फ़िलहाल पूछताछ की जा रही है।