होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

भिलाई स्टील प्लांट से 3 करोड़ का स्क्रैप चोरी, 250 टन लोहा बरामद, 4 गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट से 3 करोड़ का स्क्रैप चोरी, 250 टन लोहा बरामद, 4 गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से लोहे के स्क्रैप की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुरानी भिलाई पुलिस की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि लगभग 3.22 करोड़ रुपये मूल्य का लोहे का स्क्रैप और कई भारी वाहन जब्त किए गए हैं। इस पूरे मामले की शुरुआती जानकारी स्थानीय स्तर पर पहले ही सामने आ चुकी थी।

सूचना के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

26 मई को मिली सूचना के बाद पुलिस टीम ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स और एचआईए हथखोज में दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप बरामद किया गया। जांच के दौरान करीब 250 टन लोहे की प्लेटें और बीम कटिंग मिलीं, जिन्हें अलग-अलग वाहनों और गोदामों में छिपाकर रखा गया था।

ट्रकों में छिपाकर रखी जाती थी चोरी की सामग्री

जांच में सामने आया कि स्क्रैप को ट्रकों में फ्लाई डस्ट और अन्य सामग्री के नीचे छिपाकर परिवहन किया जाता था, ताकि किसी को शक न हो सके। पुलिस ने मौके से दो ट्रक, जेसीबी, हाइड्रा मशीन और अन्य भारी उपकरण भी जब्त किए हैं। कई वाहनों की तलाशी में भारी मात्रा में लोहे का अवैध स्टॉक मिला।

वैध दस्तावेज नहीं मिले, चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों से स्क्रैप से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और निर्मल सिंह शामिल हैं। वहीं ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम फिलहाल फरार हैं।

मिलीभगत की आशंका, जांच तेज

प्रारंभिक जांच में पुलिस को बीएसपी कर्मचारियों, सीआईएसएफ कर्मियों और कुछ ट्रांसपोर्टरों की मिलीभगत की आशंका भी है। इस नेटवर्क में कबाड़ी कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने भी एक आंतरिक जांच समिति गठित कर दी है।

गोदाम से 250 टन से ज्यादा लोहा बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोदाम से 250 टन से अधिक संदिग्ध लोहे का माल बरामद किया, जिसे संभवतः बीएसपी की एसएमएस-3 यूनिट से चोरी कर जमा किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का माल छिपाने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया जाता था, जिसमें ऊपर से फ्लाई ऐश डालकर उसे छुपाना शामिल था।

गिरफ्तार आरोपी
मीथेन ठाकुर, निवासी सिकोला बस्ती, मोहन नगर, दुर्ग
चिंतानंद साहू, निवासी बाबा दीप सिंह नगर, वैशाली नगर
गीतेश वर्मा, निवासी टाटा लाइन, कोहका
निर्मल सिंह, निवासी EWS-697, वैशाली नगर

पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

 


संबंधित समाचार