होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Weather Alert CG: रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट

Weather Alert CG: रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर अब प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। हालांकि अब तक पूरे राज्य में सामान्य से लगभग 21 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

डीप डिप्रेशन से बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया, रीवा, डाल्टनगंज और जमशेदपुर होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा तट पर बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा

प्रदेश में रविवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में नवागढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ – 7 सेमी, सरायपाली – 6 सेमी, अर्जुन्दा, सोनाखान, सेवरीनारायण, गिरौदपुरी, सरसींवा, बसना और राजनांदगांव – 5 सेमी, लाल बहादुर नगर, चांपा, जांजगीर, पामगढ़ और नगरी – 4 सेमी, धमतरी, कुकरेल, पलारी, बिहनीडीह और घरघोड़ा – 3 सेमी बारिश दर्ज की गई। 

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और तेज बारिश की भी संभावना है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।


संबंधित समाचार