होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Chhatarpur News: मैडम को गर्मी न लगे, इसलिए फूंक दिया AC चालू कर लीटरों डीजल

Chhatarpur News: मैडम को गर्मी न लगे, इसलिए फूंक दिया AC चालू कर लीटरों डीजल

Chhatarpur News: एक तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से ईंधन बचाने और प्राकृतिक संसाधनों का सीमित उपयोग करने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के छतरपुर में सरकारी अफसर ही इन अपीलों को हवा में उड़ाते नजर आ रहे हैं। छतरपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान वीआईपी कल्चर और लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासन पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। यहां जिला परियोजना अधिकारी साजिदा कुरैशी की सरकारी बोलेरो गाड़ी करीब डेढ़ से दो घंटे तक लगातार स्टार्ट हालत में फुल AC के साथ खड़ी रही।

यहां फरियाद, वह फुंका सरकारी डीजल

पूरा वाकया उस समय का है जब जिला पंचायत के सभाकक्ष में कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और अन्य आला अधिकारी जिले भर से आए सैकड़ों ग्रामीणों की शिकायतें सुन रहे थे। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत कार्यालय के ठीक बाहर पीओ डूडा साजिदा कुरैशी की सरकारी गाड़ी बोलेरो नियो पंजीयन क्रमांक- MP 04 YE 0119 खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब दो घंटे की इस पूरी जनसुनवाई के दौरान गाड़ी का इंजन बंद नहीं किया गया। गाड़ी लगातार चालू रही और उसके अंदर चालक और उसका एक अन्य सहयोगी फुल एसी की ठंडी हवा का आनंद लेते रहे।

मैडम कभी भी आ सकती हैं...

जब मौके पर मौजूद लोगों और मीडियाकर्मियों ने सरकारी गाड़ी को इस तरह स्टार्ट रखकर ईंधन की बर्बादी करने पर ड्राइवर से सवाल किया, तो उसकी दलील बेहद हैरान करने वाली थी। सबसे पहले तो चालक ने अपना नाम उजागर करने से साफ मना कर दिया। ड्राइवर ने बेबाकी से कहा कि यह गाड़ी डूडा विभाग की पीओ साजिदा कुरैशी की है, जो अंदर बैठक में हैं। उसने आगे कहा, बाहर भीषण गर्मी और तेज धूप है। मैडम जनसुनवाई से कभी भी बाहर निकल सकती हैं, इसलिए उनके आने से पहले गाड़ी को ठंडा रखना बेहद जरूरी है, ताकि उन्हें गर्मी न लगे।

अफसर मैडम की सफाई

जब सरकारी पैसे और ईंधन की इस खुलेआम बर्बादी को लेकर स्वयं जिला परियोजना अधिकारी साजिदा कुरैशी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया। साजिदा कुरैशी ने कहा, मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि बाहर ड्राइवर ने इतनी देर तक गाड़ी को स्टार्ट मोड पर छोड़ रखा था। मैं तुरंत इस बात का पता लगाती हूं कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। अगर वास्तविकता में ऐसा पाया जाता है, तो यह पूरी तरह जांच का विषय है और इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित समाचार