Bhopal News: राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना इलाके में एक निजी होटल के अंदर संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई दबिश के बाद भारी बवाल मच गया है। होटल के एक कमरे से विशेष समुदाय के दो युवकों को हिंदू समाज की नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़े जाने का दावा किया जा रहा है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। मामले की जानकारी लगते है पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
मिली जानकारी के अनुसार बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को कान्वेंट और कोचिंग हब के रूप में पहचाने जाने वाले बागसेवनिया क्षेत्र के एक होटल में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। जिसके बाद बजरंग दल की अचानक हुई दबिश के दौरान होटल परिसर में हड़कंप मच गया। कार्यकर्ताओं ने मौके से एक युवक को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गया। इसके बाद कार्यकर्ता पकड़े गए युवक और दोनों नाबालिग लड़कियों को लेकर सीधे बागसेवनिया थाने पहुंचे, जिसके बाद थाने के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई।
लव जिहाद और दुष्कर्म का आरोप
थाने पहुंचने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। बजरंग दल का आरोप है कि पूरा मामला लव जिहाद से जुड़ा हुआ है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में दावा किया है कि फरार और पकड़ा गया युवक, दोनों नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर गलत इरादे से होटल के कमरे में लेकर आए थे। कार्यकर्ताओं की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ लव जिहाद विरोधी कानून के तहत एफआईआर दर्ज की जाए।
जांच शुरू, परिजनों को किया गया तलब
थाने में बढ़ते आक्रोश और मामले को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। बागसेवनिया थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए सबसे पहले दोनों नाबालिग लड़कियों के माता-पिता और परिजनों को तुरंत थाने बुलवाया है। वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चियों के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। मामले की जांच की जाएगी। वही फरार हुए दूसरे युवक की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम को रवाना कर दिया गया है।