राजेश सोनी, डबरा : ग्वालियर जिले के डबरा शहर में बुधवार देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब ठाकुर बाबा रोड स्थित एक कलारी के पास सड़क किनारे गोवंश के बछड़े का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना फैली। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में गौ सेवक और विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंच गए।
जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने बछड़े के सिर को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बछड़े के धड़ की तलाश की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा देर रात करीब दो बजे तक चलता रहा।
स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। बाद में बछड़े के सिर को पशु चिकित्सालय भेजा गया, जबकि प्रदर्शनकारी परशुराम चौक पर एकत्र होकर विरोध जताते रहे।
प्रशासन को अल्टीमेटम
हिंदू संगठन के प्रतिनिधि महेंद्र सिंह ‘चिंटू’ तोमर ने घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन को गुरुवार सुबह 11 बजे तक का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और बछड़े का धड़ बरामद नहीं किया गया, तो डबरा बंद सहित अन्य विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।