Nishatpura Sandipani School : राजधानी भोपाल के शासकीय सांदीपनि विद्यालय निशातपुरा के वाणिज्य संकाय के अर्थशास्त्र एवं व्यवसायिक अध्ययन के विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट कार्य के अंतर्गत प्रतिष्ठित आभूषण संस्थान डीपी ज्वेलर्स न्यू मार्केट का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ज्वेलरी व्यवसाय की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
बताया कैसे होता है प्रबंधन
संस्थान के स्टाफ ने विद्यार्थियों को बताया कि एक व्यावसायिक संस्थान किस प्रकार संचालित होता है, उसमें कितने विभाग कार्यरत रहते हैं और स्टॉक का मिलान एवं प्रबंधन किस तरह किया जाता है। सोने के दैनिक रेट किस आधार पर निर्धारित होते हैं और आभूषण निर्माण में किन-किन धातुओं का उपयोग किया जाता है, इस पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
गुणवत्ता और सावधानियां
विद्यार्थियों को 18, 22, 23 और 24 कैरेट सोने के अंतर को समझाया गया। हॉलमार्क क्या होता है, इसे कौन जारी करता है और किन मानकों के आधार पर जारी किया जाता है, इस संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही नया सोना खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियों और पुराना सोना बदलते समय ध्यान रखने योग्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
सोना गलाने की प्रक्रिया, आभूषणों की रिपेयरिंग, रोडियम पॉलिश, केरेटोमीटर की कार्यप्रणाली तथा सोने के सिक्के, बिस्किट, कैडबरी और पेपर फॉर्म गोल्ड जैसे निवेश विकल्पों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।
उपभोक्ता जागरूकता
इसके अलावा गोल्ड के विरुद्ध लोन लेने की प्रक्रिया और उपभोक्ता शिकायत कहां दर्ज कराई जा सकती है, इस विषय पर भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया। भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों ने प्रोजेक्ट कार्य हेतु आवश्यक जानकारियां संकलित कीं। तैयार प्रतिवेदन विद्यालय में जमा किया जाएगा। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को व्यावसायिक कार्यप्रणाली का व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।