शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक कलयुगी बेटे ने मंगलवार देर शाम अपने पिता की डंडे से पीट पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। जबकि बीच बचाव करने आई मां भी घायल हो गई। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा की है।
माता पिता करते थे मजदूरी
बताया जा रहा है कि मृतक दऊआ और उनकी पत्नी यशोदा मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे। मंगलवार सुबह दोनों घर लौटे। घर पहुंचने के बाद दऊआ ने भोजन करने की इच्छा जताई। इस पर यशोदा खाना बनाने लगी लेकिन घर में मौजूद उनका पुत्र अंजू इस बात पर भड़क गया और कहने लगा कि वह स्वयं खाना बनाकर माता-पिता को खिलाएगा।
बेटे ने मां बाप पर किया हमला
इसके बाद मां बेटे के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने गुस्से में अपनी मां पर हमला कर दिया, मां को बचाने पहुंचे पिता दउआ भी उसके हमले का शिकार हो गए। गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल मां को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
आरोपी गिरफ्तार
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज आगे की कार्रवाई शुरू की।