होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

गढ़चिरौली के जंगल से मिला नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप, 14 हथियार और IED बरामद

गढ़चिरौली के जंगल से मिला नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप, 14 हथियार और IED बरामद

सुमित बड़ाई- पखांजूर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे कुमनार जंगल क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सली नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई मान रही हैं।

गुप्त सूचना पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुमनार के जंगलों में नक्सलियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री जमीन के भीतर छिपा रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान जमीन में छिपाए गए हथियार और अन्य सैन्य सामग्री बरामद की गई।

IED समेत 14 हथियार जब्त

सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के दौरान कुल 14 हथियार बरामद किए हैं। इनमें एसएलआर, .303 रायफल, 12 बोर रायफल, सिंगल शॉट रायफल और बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में IED, एसएलआर की मैगजीन और अन्य विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।

बड़ी वारदात की आशंका

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने इन हथियारों और विस्फोटकों को किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना के तहत छिपाकर रखा था। समय रहते हथियारों का यह जखीरा बरामद होने से सुरक्षा बलों ने संभावित खतरे को टाल दिया है।

इलाके में लगातार जारी है अभियान

बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान और तेज कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार आसपास के जंगलों में अन्य नक्सली ठिकानों और छिपाए गए हथियारों की तलाश जारी है। जब्त सामग्री की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि इसके नेटवर्क और उपयोग की योजना का पता लगाया जा सके।


संबंधित समाचार