भोपाल। मध्य प्रदेश में सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर योजना के तहत पंजीयन प्रक्रिया आज यानि की 3 अक्टूबर से शुरू हो गई है। विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसान 17 अक्टूबर तक ई-उपार्जन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन से लेकर फसल बिक्री तक आधार नंबर का सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
मुफ्त में होगा किसानों का रजिस्ट्रेशन
किसानों को पंजीयन के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और तहसील कार्यालयों में बनाए गए सुविधा केंद्रों के साथ सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं के केंद्रों पर मुफ्त पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इन केंद्रों पर अधिकतम 50 रुपये शुल्क निर्धारित
इसके अलावा किसान MP Online कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और साइबर कैफे से भी पंजीयन करा सकते हैं। इन केंद्रों पर अधिकतम 50 रुपये शुल्क निर्धारित है।
किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग करेगा
सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समिति या सहकारी विपणन संस्था के केंद्रों पर होगा। इन किसानों का सत्यापन राजस्व विभाग करेगा।