होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर IPHL बनी देश की पहली NQAS सर्टिफाइड लैब

रायपुर IPHL बनी देश की पहली NQAS सर्टिफाइड लैब

रायपुर: केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रायपुर जिला अस्पताल में स्थापित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (IPHL) को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) का प्रमाणन मिलने पर छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी है। नड्डा ने पत्र में कहा कि यह प्रयोगशाला देश में अपनी तरह की पहली है, जिसे यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रमाणन मिला है।

राज्य सरकार और कर्मचारियों के समर्पण को मिली मान्यता

नड्डा ने इस उपलब्धि को राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और रायपुर IPHL के स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रयास ने सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में विश्वास बढ़ाया और उच्च गुणवत्ता वाले मानक स्थापित किए।

प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत मिशन का अहम हिस्सा

नड्डा ने बताया कि IPHL की स्थापना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अधोसंरचना मिशन (PM-ABHIM) का एक महत्वपूर्ण घटक है। मिशन का उद्देश्य देशभर में स्वास्थ्य निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्क और आपदा तैयारी को मजबूत करना है। IPHL को दिए गए प्रमाणन से यह साबित होता है कि लैब ने उन्नत तकनीक, प्रशिक्षित मानव संसाधन और आधुनिक उपकरण के माध्यम से राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा किया है।

राष्ट्रीय मानक स्थापित करने वाला मॉडल

नड्डा ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य राज्यों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली डायग्नोस्टिक सेवाओं का उदाहरण प्रस्तुत करती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से अनुरोध किया कि रायपुर मॉडल को अन्य जिलों और क्षेत्रों में अपनाकर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाए।

 मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन राज्य की प्रौद्योगिकी-सक्षम और मानक आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को दर्शाता है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह NQAS प्रमाणन छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यह राज्य में मानकीकृत प्रयोगशाला सेवाओं, प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक अवसंरचना के सतत सुधार का परिणाम है।

जायसवाल ने आश्वस्त किया कि इस मॉडल को अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा, ताकि हर नागरिक को विश्वसनीय और समयबद्ध जांच सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।

केंद्र सरकार का निरंतर समर्थन

नड्डा ने पुनः आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार और गुणवत्ता संवर्धन के लिए सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में स्वास्थ्य परिवर्तन के क्षेत्र में अपना स्थान मजबूत करेगा।

 


संबंधित समाचार